रोहित शर्मा सहित इन 5 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न, अंतिम मुहर लगनी बाकी

खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम की सिफारिश की गई है। रोहित के अलावा रानी रामपाल सहित 5 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गई है।

Rohit Sharma
भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा। (Image- Wikimedia Commons)

भारत के सर्वोच्च खेल सम्मान-राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के नाम की सिफारिश की गई है। रोहित के अलावा भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट, टेबल टेनिस चैम्पियन मानिका बत्रा और 2016 रियो पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू के नाम की भी सिफारिश की गई है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय पुरस्कार समिति की मंगलवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक हुई, जिसमें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए पांच खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई।

यह भी पढ़ें- फीफा विश्व कप क्वालीफायर 2022 के स्थगित होने पर, भारतीय खिलाड़ियों ने जताई खुशी

रोहित ने 2019 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 648 रन बनाए थे। वहीं, विनेश, एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं, जिन्होंने अब तक टोक्यो ओलंपिक 2021 के लिए क्वालीफाई किया है। विनेश 2019 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। विनेश को अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों में पदक का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है।

विनेश फोगाट, भारतीय महिला पहलवान (Image: Vinesh Phogat, Twitter)

पैरालंपिक खिलाड़ी मरियप्पन ने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर अगले साल होने वाले टोक्यो पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है।

हाई जम्पर मरियप्पन थांगावेलू। (Image- Wikimedia Commons)

महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मानिका ने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वह 2018 एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं। हालांकि उन्हें अभी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करना बाकी है।

टेबल टेनिस चैम्पियन मानिका बत्रा। (Image- Wikimedia Commons)

रानी रामपाल की अगुवाई में ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था।

रानी रामपाल, हॉकि खिलाड़ी (Image: Rani Rampal, Twitter)

खेल रत्न के अलावा समिति द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार,ध्यानचंद पुरस्कार और राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार तथा मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी के नामों की भी घोषणा करेगी।

अब इस सिफारिश पर खेल मंत्रालय अंतिम मुहर लगाएगा और फिर 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद खेल रत्न के अलावा अन्य खेल पुरस्कार प्रदान करेंगे।(IANS)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here