मेधावी बलिकाओं के नाम से जाना जाएगा गांव का एक तालाब

हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2020 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिका के नाम से गांव के तालाब का नामकरण किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के मौके पर ग्राम सभा में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2020 में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिका के नाम से गांव के तालाब का नामकरण किया जाएगा। इसके अलावा पात्र गरीब एवं असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा का अभिलेख वितरित किए जाएंगे। राजस्व विभाग ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति के विशेष अभियान के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं।

राजस्व विभाग के सचिव संजय गोयल के अनुसार, 26 फरवरी से 8 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 से 28 फरवरी तक ग्राम स्तर पर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन विषय पर गोष्ठी आयोजित की जाएगी। 1 से 3 मार्च तक ब्लॉक स्तर, 4-5 मार्च को तहसील स्तर और 6-7 मार्च को जिलास्तर पर गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गोयल ने बताया कि ग्राम सभा में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा के नाम पर एक तालाब का नामकरण किया जाएगा। तालाब पर छात्रा के नाम का बोर्ड एक वर्ष की अवधि के लिए लगाया जाएगा। तालाब का सौंदर्यीकरण मनरेगा के जरिये किया जाएगा।

मध्य प्रदेश बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ
छात्राओं के प्रोत्साहन में जुटा मध्य प्रदेश प्रशासन।(Unsplash)

यह भी पढ़ें: शराबबंदी की मिसाल बना मप्र का ब्राह्मणपुरा गांव

उन्होंने बताया कि पात्र गरीब व असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा देने की कार्यवाही पूरी कर 8 मार्च को चयनित महिला पट्टेदारों को पट्टा अभिलेख का वितरण किया जाएगा। तहसील स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली 5 महिलाओं को 8 मार्च को सम्मानित किया जाएगा। 8 मार्च को हर जिले में महिलाएं अपनी बेटियों के नाम से वृक्षारोपण करेंगी।

वरासत अभियान के दौरान दर्ज महिला खातेदारों, महिला सह खातेदारों को 8 मार्च को खतौनी की नकल का निशुल्क वितरण किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला राजस्व कर्मियों को भी महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।(आईएएनएस)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here